Hamarichoupal,08,06,2026
नागथात,देहरादून, 8 जून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री केदार सिंह स्टेडियम, नागथात में आयोजित जौनसार-बावर लोक सांस्कृतिक महोत्सव एवं क्रीड़ा समारोह-2026 में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय केदार सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने समरजेंस मोटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण, प्राथमिक विद्यालय नागथात को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने, यमुना नदी पर 60 मीटर स्पैन पुल निर्माण, विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण तथा पेयजल योजनाओं को स्वीकृति देने की घोषणा की। उन्होंने द्वीना से बिसोई खुना अलमान तक नए संपर्क मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने श्री महासू देवता को नमन करते हुए कहा कि जौनसार-बावर सांस्कृतिक पुनरुत्थान समिति पिछले 33 वर्षों से इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जौनसार-बावर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, मेहनतकश एवं स्वाभिमानी जनता तथा समृद्ध लोक संस्कृति के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि जौनसार के रासो की थाप, हारूल की गूंज और बौंद जैसी परंपराएं केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन प्रमुख हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने जनजातीय संस्कृति और विरासत को बढ़ावा देने के लिए उत्तराखंड जनजातीय महोत्सव शुरू किया है तथा प्रतिवर्ष जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों को चिन्हित कर वहां सड़क, बिजली, पानी और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जबकि बाजपुर और चकराता में नए विद्यालयों का निर्माण कार्य जारी है। जनजातीय छात्रों को प्राथमिक स्तर से स्नातकोत्तर स्तर तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है तथा राज्य में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समुदाय की बेटियों के विवाह हेतु 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड भी स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि चकराता क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत 56 योजनाओं में से 51 पूरी हो चुकी हैं तथा शेष योजनाएं भी शीघ्र पूर्ण कर ली जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की सड़क परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 707 एवं 707ए का चौड़ीकरण युद्धस्तर पर जारी है। न्यू चकराता टाउनशिप हय्यो डांडा पंपिंग योजना पर लगभग 229 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है, जबकि श्री महासू देवता मंदिर परिसर के विकास के लिए 120 करोड़ रुपये के मास्टर प्लान पर भी तेजी से कार्य चल रहा है।
कार्यक्रम में विधायक Munna Singh Chauhan, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, दायित्वधारी गीता राम गौड़, मेला समिति अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव नरेंद्र तोमर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
