अनुराग गुप्ता
देहरादून, 15 सितंबर। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव, कुंभ मेला, चारधाम यात्रा और प्रमुख धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने मंगलवार को अभिसूचना एवं सुरक्षा मुख्यालय में विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए आतंकवाद, सीमा सुरक्षा, वीआईपी सुरक्षा और सोशल मीडिया निगरानी को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
बैठक में महानिदेशक अभिसूचना/सुरक्षा अभिनव कुमार समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जनपदों के प्रभारी अभिसूचना ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। डीजीपी ने आतंकवाद नियंत्रण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर संचालित भारत की पहली आतंकवाद निरोधी नीति ‘प्रहार’ को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर विशेष नजर
पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टर बनाने से जुड़े इनपुट और उसके सहयोगियों की देशभर में हुई गिरफ्तारियों के मद्देनजर डीजीपी ने सभी जनपदों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए।
डीजीपी ने राज्य एटीएस की कार्यप्रणाली को और पेशेवर बनाने के लिए देश के बड़े राज्यों की कार्यप्रणाली और सफल ऑपरेशनों का अध्ययन करने को कहा। साथ ही, एटीएस के ऑपरेशनों को उच्च पेशेवर स्तर पर अपग्रेड करने पर जोर दिया।
चीन-नेपाल सीमा पर इंटर-एजेंसी समन्वय
अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से सटे जनपदों में घुसपैठ, संदिग्ध गतिविधियों और राष्ट्रविरोधी तत्वों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आईटीबीपी, एसएसबी, सेना, आईबी, राज्य पुलिस और एटीएस के वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय इंटर-एजेंसी कोऑर्डिनेशन बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
सीएम सुरक्षा से लेकर चारधाम तक फोकस
आगामी विधानसभा चुनाव और बढ़ती सुरक्षा संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही वीआईपी कार्यक्रमों के दौरान कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया।
चारधाम यात्रा में बढ़ती श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। आगामी कुंभ मेला, राज्य स्थापना दिवस, नवरात्र, दशहरा और दीपावली को देखते हुए भी व्यापक सुरक्षा कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी
विधानसभा चुनाव, कुंभ और धार्मिक आयोजनों के मद्देनजर फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप ग्रुपों पर 24 घंटे सघन निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भड़काऊ सामग्री, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गतिविधियों और संवेदनशील मामलों से जुड़ी गलत सूचनाओं को समय रहते चिन्हित करने को कहा गया।
डीजीपी ने फर्जी खबरों, छेड़छाड़ किए गए वीडियो, डीपफेक और अफवाहों का तत्काल आधिकारिक खंडन और फैक्ट-चेक जारी करने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा राष्ट्रपति द्वारा उत्तराखंड पुलिस को प्रदत्त प्रेसिडेंट पुलिस कलर सेरेमनी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। महत्वपूर्ण आयोजनों के लिए आवश्यक जनशक्ति, तकनीकी उपकरण और अन्य संसाधनों की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
