विकासनगर ,08,06,2026
Dehradun : सहसपुर में आधी रात को फर्जी डिलीवरी बॉय बनकर घर की रैकी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिवार की सतर्कता से एक बड़ी वारदात टल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मामला सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनवाला गांव का है, जहां 6 जून की रात करीब 11:30 बजे एक युवक ऑनलाइन पार्सल डिलीवरी बॉय बनकर एक घर पर पहुंचा। युवक ने घर के मालिक विषय कुमार उर्फ विक्की का नाम लेकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की।
उस समय मकान मालिक घर पर नहीं थे। परिवार के लोगों को युवक पर शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पूरी तरह दरवाजा नहीं खोला और सावधानी से पार्सल लेकर गेट बंद कर दिया।
जब परिवार ने पार्सल खोला तो उसके अंदर कोई सामान नहीं बल्कि एक ईंट निकली। घटना के बाद परिवार ने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में युवक पार्सल देने के बाद भी काफी देर तक घर के आसपास घूमता दिखाई दिया।
परिवार का आरोप है कि युवक घर की रैकी कर रहा था और किसी बड़ी चोरी या लूट की वारदात की तैयारी में हो सकता था।
पीड़ित विषय कुमार उर्फ विक्की ने सहसपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि देर रात आने वाले किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध पार्सल को लेकर सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।
