अनुराग गुप्ता
देहरादून। जनपद देहरादून से स्थानांतरित हुए पुलिस अधिकारियों के सम्मान में एसएसपी कैंप कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक क्राइम/ट्रैफिक जितेंद्र चौधरी के राजभवन तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के ऊधमसिंह नगर स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाई तथा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखा।
एसएसपी ने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर दोनों अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
विदाई समारोह में जनपद देहरादून में नियुक्त समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
