Hamarichoupal,27,05,2026
देहरादून। उत्तराखंड में पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 28 मई से प्रदेश के कई जिलों में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है।
विभाग के अनुसार 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे से 60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। अन्य जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से हवाओं के साथ बिजली चमक सकती है।
29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में फिर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग व चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी है।
30 और 31 मई को पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली कड़कने और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहें। मौसम की ताजा जानकारी के लिए प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
