Hamarichoupal,21,06,2026
ऋषिकेश, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एम्स ऋषिकेश में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह ने योग को शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए सभी से इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत प्रातःकाल गंगेश्वर घाट पर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रोफेसर मीनू सिंह ने स्वयं सहभागिता कर योगाभ्यास कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा संस्थान के मुख्य सभागार में फैकल्टी सदस्यों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए सामूहिक योग सत्र का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रोफेसर मीनू सिंह ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ, संतुलित और खुशहाल जीवन की कुंजी है।
इस अवसर पर फैकल्टी सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों, हेल्थ केयर वर्करों तथा अन्य कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डीन एकेडमिक प्रो. सौरभ वार्ष्णेय, उपनिदेशक प्रशासन लेफ्टिनेंट कर्नल गोपाल मेहरा, कार्यवाहक चिकित्सा अधीक्षक प्रो. मोहित ढींगरा, प्रो. संजीव कुमार मित्तल, आयुष विभागाध्यक्ष डॉ. मोनिका पठानिया, डॉ. वंदना धींगरा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीलोय मोहंती, डॉ. श्वेता मिश्रा, डॉ. मृणालिनी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
