रेणु शर्मा
ऋषिकेश/देहरादून, 21 जून। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, आईडीपीएल वीरभद्र ऋषिकेश के सभागार में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं पर्यावरण संरक्षण एवं योग समिति के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं योगाचार्य डॉ. दीपक गुप्ता ने उपस्थित योगार्थियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है। योग न केवल शरीर के विभिन्न अंगों और जोड़ों को स्वस्थ रखने का माध्यम है, बल्कि यह जीवनशैली को संतुलित और अनुशासित बनाने वाला संपूर्ण विज्ञान भी है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, निरोगी एवं दीर्घायु जीवन प्राप्त कर सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह गुलेरिया ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूरा विश्व भारत की योग परंपरा की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रहा है। वर्तमान समय में अधिकांश लोग किसी न किसी शारीरिक या मानसिक समस्या से जूझ रहे हैं। यदि व्यक्ति प्रतिदिन अपने जीवन का एक घंटा योग को समर्पित करे तो वह अनेक बीमारियों से बच सकता है और स्वस्थ जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पर्यावरण संरक्षण एवं योग समिति के प्रतिनिधि डॉ. सुधीर कुमार ने योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। यदि समय रहते पर्यावरण संरक्षण के प्रभावी प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के नगर समन्वयक मनोज कुमार गुप्ता, समाजसेवी एवं पूर्व विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष अपर्णा सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी के काउंसलर ओमप्रकाश गुप्ता, पीएससी के सूबेदार अंकित डंगवाल, आर.एस. यादव, कन्हैया प्रसाद, हेमा शर्मा, गीता रावत, लक्ष्मी कठेत, विजय यादव, गौरी शर्मा, पलक एवं शंकर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया और योग के महत्व को समझा।
कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।
