Hamarichoupal,22,05,2026
देहरादून, 22 मई।
उत्तराखंड एसटीएफ ने विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन नकली दवाइयों का कारोबार करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन फेक पिल” के तहत की गई। गिरोह बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में ब्रांडेड कंपनियों की नकली दवाइयां ऑनलाइन बेच रहा था।
एसटीएफ के अनुसार गिरोह फेसबुक पेज “एसके हेल्थ केयर” के माध्यम से Sun Pharma, Mankind, Zydus, Glenmark, Torrent, Macleods सहित कई नामी कंपनियों की नकली जीवन रक्षक दवाइयों को आधे दाम में बेचता था। जांच में पता चला कि आरोपी फर्जी पैकिंग और नकली लेबल तैयार कर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों में जतिन सैनी निवासी सम्भल उत्तर प्रदेश तथा गौरव त्यागी निवासी देहरादून शामिल हैं। पूछताछ में गौरव त्यागी ने बताया कि वह भगवानपुर हरिद्वार और कोटद्वार क्षेत्र में नकली दवाइयां तैयार कर ऑनलाइन बेचता था। एसटीएफ और ड्रग विभाग द्वारा संबंधित फैक्ट्रियों में छापेमारी और सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने काल्पनिक ग्राहक बनकर आरोपियों से नकली दवाइयां मंगवाईं, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकली मेडिसिन बरामद की गई। इनमें Gudcef Plus और Tydol-100 जैसी दवाइयां शामिल हैं।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना देहरादून में संगठित अपराध, धोखाधड़ी, जालसाजी, आईटी एक्ट, कॉपीराइट एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि बिना बिल दवाइयां न खरीदें, अत्यधिक छूट के लालच में न आएं और केवल विश्वसनीय विक्रेताओं से ही दवा खरीदें।
