हमारी चौपाल
सतपाल महाराज ने सड़क, पुल और पंचायत भवन का किया शिलान्यास, कार्यकर्ताओं व जनता से किया सीधा संवाद
पौड़ी, 06 जुलाई।
प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसे का मजबूत सेतु है। इसके माध्यम से सरकार अपनी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाती है और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान भी करती है।
सेवा पखवाड़ा के तहत सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल के भरपूर बड़ा, नेग्याणा, कसाणी, हलाड़, सैंधार, भरोलीखाल और कमलिया वल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों के दौरे के दौरान उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान महाराज ने क्षेत्र को 3 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देते हुए 2.71 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भगवती तलिया-कमलिया मोटर मार्ग पर आरसीसी पुल, 39.18 लाख रुपये की लागत से सैंधार-नेग्याणा-चोरखिण्डा मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा 10 लाख रुपये की लागत से ग्राम पंचायत कैलाड़ में बनने वाले पंचायत भवन का शिलान्यास किया।
सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पंपिंग पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं पर करोड़ों रुपये की लागत से कार्य प्रगति पर है, जिससे ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया तथा स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह, स्वराज बौखण्डी, प्रधान विनोद जोशी, बचन सिंह, निर्मला देवी, एसडीएम कृष्ण कुमार त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
