हमारी चौपाल
सेलाकुई, देहरादून।
सहसपुर विधानसभा कांग्रेस अध्यक्ष जॉय बर्सवाल ने झाझरा हाट बाजार के संचालन में करोड़ों रुपये के संभावित भ्रष्टाचार और सत्ता के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए क्षेत्रीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने मांग की कि वर्ष 2019 से अब तक हुए सभी ठेकों, आय-व्यय और वित्तीय लेन-देन की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पत्रकार वार्ता में जॉय बर्सवाल ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 से 2026 तक झाझरा हाट बाजार का ठेका लगातार विधायक के चालक दुर्गेश कुमार तथा विधायक के करीबी भानू पुंडीर के पास रहा। उनका कहना था कि इससे पूरी ठेका प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं तथा सत्ता के दुरुपयोग की आशंका को बल मिलता है।
उन्होंने दावा किया कि हाट बाजार से होने वाली आय, शुल्क वसूली और धनराशि के लेन-देन का कोई पारदर्शी रिकॉर्ड या विधिवत रसीद सार्वजनिक नहीं की गई है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का बड़ा मामला हो सकता है।
बर्सवाल ने यह भी आरोप लगाया कि नीलामी प्रक्रिया में शामिल कई लोगों के पास न तो वैध ठेकेदारी लाइसेंस था और न ही आवश्यक जीएसटी पंजीकरण, जिससे पूरी निविदा प्रक्रिया संदेह के घेरे में आ जाती है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में 3 जून 2026 को उपजिलाधिकारी विकासनगर को विस्तृत ज्ञापन देकर जांच की मांग की गई थी, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसे प्रशासनिक उदासीनता बताते हुए सवाल उठाए।
कांग्रेस नेता ने मांग की कि वर्ष 2019 से अब तक के सभी ठेकों, निविदा प्रक्रिया, आय-व्यय के अभिलेख, बैंक खातों के लेन-देन तथा संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जांच में किसी भी जनप्रतिनिधि, अधिकारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता मिलने पर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी और जनता के धन के कथित दुरुपयोग के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
पत्रकार वार्ता में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित पंवार, रिटायर्ड इंस्पेक्टर कुंवर सिंह, विधानसभा सहसपुर उपाध्यक्ष अरमान मलिक, छात्र नेता अल्तमस, जिला महासचिव साहिल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
