हमारी चौपाल
देहरादून, 1 जुलाई। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को और मजबूत करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत प्रस्तावित 23 नए मोटरमार्गों के निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि दूरस्थ गांवों तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंच सके।
अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में डॉ. रावत ने उत्तराखंड ग्रामीण सड़क विकास एजेंसी और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों के साथ खिर्सू, पाबों और थलीसैण विकासखंडों में सड़क निर्माण, डामरीकरण, नई सड़कों के सर्वेक्षण तथा आपदा से क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को गवाणा-मंगलाकोटी, बयाली-मथीगांव, पाटोली-नौगांव-पजयाना, चमेलियू-नैलटौक, पाबों-मासौं, त्रिपालीसैंण-किरसाल, उफरैंखाल-भटभटाऊ-भगवतीतलैया समेत 23 प्रस्तावित मोटरमार्गों की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से गांव-गांव तक सड़क सुविधा पहुंचेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
डॉ. रावत ने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबों, खिर्सू और थलीसैण विकासखंडों की 25 मोटर सड़कों को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। शेष निर्माणाधीन सड़कों और नई परियोजनाओं के सर्वेक्षण का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव को सुरक्षित और बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। सड़क नेटवर्क के विस्तार से पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास को भी नई मजबूती मिलेगी।
