हमारी चौपाल
विकासनगर/देहरादून, 23 जुलाई। सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने गुरुवार को चन्द्रबनी क्षेत्र में चोटीवाला मंदिर के समीप एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन झाझरा-चन्द्रबनी-आशारोड़ी फोरलेन सड़क परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना को निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण से जुड़ी विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक पुण्डीर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एनएचएआई अधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान आमजन की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान शिवालिक मंडल अध्यक्ष मदन सिंह, पूर्व पार्षद सतपाल बुटोला, सामाजिक कार्यकर्ता दीपक राणा, एनएचएआई के अधिकारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
