हमारी चौपाल
विकासनगर। सहसपुर विधानसभा स्थित शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। कांग्रेस ने जहां भाजपा विधायक और राज्य सरकार पर 15 वर्षों से समस्या का समाधान नहीं करने का आरोप लगाया, वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर चुनावी राजनीति करने का आरोप लगाया है।
सेलाकुई प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमित पवार ने कहा कि शीशमबाड़ा कूड़ा घर क्षेत्र की जनता के लिए लंबे समय से बड़ी परेशानी बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट से उठने वाली दुर्गंध, प्रदूषण और गंदगी के कारण आसपास के गांवों के लोग स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनका कहना था कि कई बार भाजपा विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस के आरोपों को भाजपा मंडल अध्यक्ष सुखदेव पासवान ने प्रेस वार्ता कर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव से पहले इस मुद्दे को उठाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है और शीशमबाड़ा कूड़ा निस्तारण प्लांट को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
भाजपा का कहना है कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी पूर्व में कूड़ा घर हटाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया था तथा सहसपुर विधायक द्वारा विधानसभा के प्रत्येक सत्र में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहा है।
शीशमबाड़ा कूड़ा घर का मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। अब देखना होगा कि सरकार इस दिशा में कब तक कोई ठोस निर्णय लेती है या यह मुद्दा आगामी चुनावों तक राजनीतिक चर्चा का विषय बना रहता है।
