हमारी चौपाल
बीरोंखाल, 7 जुलाई। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में पिछले पांच वर्षों के दौरान अनेक ऐतिहासिक एवं जनकल्याणकारी निर्णय लिए गए हैं, जिनका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
मंगलवार को बीरोंखाल विकासखंड के भ्रमण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 404.79 लाख रुपये की लागत से बनने वाले खलधार-ठंगा मोटर मार्ग का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इसके साथ ही 44 लाख रुपये की लागत से डुलमोट, चंदेली, कदोला, तैलीपखोली और जाखणी ग्राम सभाओं में पंचायत भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कुल 448.79 लाख रुपये की विकास योजनाओं की शुरुआत की गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण एवं दंगा विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण तथा लखपति दीदी जैसी योजनाएं राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
सतपाल महाराज ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उफरैखाल-भत्पो-बूंगीधार-कमलिया वल्ला मोटर मार्ग को स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं, सरायखेत-जोगीमणी मोटर मार्ग से कमलिया पल्ला तक वन भूमि संबंधी बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने विकासखंड मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आम जनता की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। साथ ही भाजपा मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा युवा नेता सुयश रावत, जिलाध्यक्ष कमल किशोर, मंडल अध्यक्ष ओमपाल, जिला मंत्री बृजमोहन, जिला उपाध्यक्ष मैत्री प्रकाश, दलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
