हमारी चौपाल
हरिद्वार, 13 जुलाई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में MY Bharat (मेरा युवा भारत) की वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियों और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।
जिला युवा अधिकारी रोशन कुमार ने MY Bharat के उद्देश्यों, पोर्टल की कार्यप्रणाली और आगामी कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण देते हुए बताया कि यह भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख पहल है। उन्होंने बताया कि देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा MY Bharat पोर्टल पर पंजीकृत हैं।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध इंटर्नशिप, स्वयंसेवी अवसर, कौशल विकास, रोजगार, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप, फिट इंडिया गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं, क्विज, निबंध प्रतियोगिताएं, हैकाथॉन तथा छात्रवृत्ति कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी विकासखंडों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवा क्लबों में MY Bharat कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से वार्षिक कार्ययोजना का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद, जिला समन्वयक एनएसएस डॉ. एस.पी. सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी रवींद्र भारती, एआरटीओ नेहा झा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं MY Bharat के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
