हमारी चौपाल
देहरादून,13 जुलाई। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा देहरादून महायोजना-2041 के तहत चलाए जा रहे जनसंवाद एवं जनसुनवाई अभियान के छठे दिन सोमवार को लक्सूरिया फार्म हाउस, किशनपुर (कैनाल रोड) में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। रायपुर क्षेत्र सहित सेक्टर-06 के लगभग 100 नागरिकों, भू-स्वामियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने महायोजना को लेकर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई के दौरान सड़क नेटवर्क, ट्रैफिक प्रबंधन, जल निकासी, हरित क्षेत्रों के संरक्षण, पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार तथा आवासीय एवं व्यावसायिक विकास के संतुलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत सुझाव दिए गए। एमडीडीए अधिकारियों ने सभी सुझावों का विधिवत अभिलेखीकरण किया।
शिविर में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने भी भाग लेते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रहे देहरादून के लिए स्थानीय आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर महायोजना तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने रायपुर क्षेत्र में यातायात, आधारभूत सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और संतुलित शहरी विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के भविष्य का महत्वपूर्ण विजन डॉक्यूमेंट है और इसे जनभागीदारी के आधार पर तैयार किया जा रहा है। नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर ऐसी महायोजना तैयार की जाएगी, जो विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित कर सके।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राप्त प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति का तकनीकी और विधिक परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि महायोजना का उद्देश्य केवल शहरी विस्तार नहीं, बल्कि देहरादून की प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए व्यवस्थित और सतत विकास सुनिश्चित करना है।
एमडीडीए के अनुसार, 6 से 21 जुलाई तक शहर के विभिन्न सेक्टरों में जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के अगले चरण में 14 जुलाई को जीआरडी यूनिवर्सिटी, राजपुर रोड में जनसुनवाई शिविर लगाया जाएगा, जिसमें संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।
