डोईवाला- विकासखंड डोईवाला में सोमवार को दिव्यांगजन सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर अपना पंजीकरण कराया। पंजीकरण के बाद चयनित दिव्यांगजनों को 1 अक्टूबर को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर, देहरादून में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
शिविर में श्रवण बाधित, अस्थि बाधित, दृष्टि बाधित सहित विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजन शामिल हुए। समाज कल्याण विभाग की टीम द्वारा मौके पर ही दिव्यांगजनों के दस्तावेजों की जांच कर रजिस्ट्रेशन किया गया।
दिव्यांगजनों की सेवा हमारा कर्तव्य – ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह
शिविर के आयोजन को लेकर डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि, दिव्यांगजनों की मदद करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य और दायित्व है। समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। आज डोईवाला ब्लॉक में सैकड़ों दिव्यांगजनों ने आकर अपना पंजीकरण कराया है, यह दर्शाता है कि लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। हमारा प्रयास है कि कोई भी पात्र दिव्यांगजन योजना के लाभ से वंचित न रहे। 1 अक्टूबर को सभी को उनके जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
समाज कल्याण विभाग ने दी जानकारी
वहीं समाज कल्याण अधिकारी, देहरादून ने बताया कि, शासन की ओर से दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सहायक उपकरण वितरण योजना चलाई जा रही है। डोईवाला ब्लॉक में आज आयोजित कैम्प में कान की मशीन, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, दृष्टि बाधितों के लिए स्टिक सहित अन्य उपकरणों के लिए रजिस्ट्रेशन किया गया है। सभी पंजीकृत लाभार्थियों को 1 अक्टूबर को महाराणा स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में आयोजित मुख्य वितरण समारोह में उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके लिए सभी लाभार्थियों को फोन के माध्यम से पहले ही सूचित कर दिया जाएगा।
