देहरादून, 26 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन्स में अभियोजन विभाग, उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में डॉ. गीता खन्ना को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान, जनहित के कार्यों और समाज के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।
इस अवसर पर ग्राफिक एरा लॉ कॉलेज की ओर से संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी डॉ. गीता खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय प्रणाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता और विषयों की गहन समझ का परिचय दिया।
डॉ. गीता खन्ना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से दंड-केंद्रित औपनिवेशिक सोच से आगे बढ़कर न्याय-केंद्रित व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पारंपरिक न्यायिक सोच को आधुनिक फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल तकनीकों के साथ जोड़ने से न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक के अधिकारों और कर्तव्यों का आधार होने के साथ ही संविधान हमें समानता, न्याय और स्वतंत्रता के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की प्रेरणा देता है।
डॉ. खन्ना ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के विचारों, तार्किक क्षमता और संवैधानिक विषयों पर उनकी समझ की सराहना करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी में संवैधानिक जागरूकता और न्याय के प्रति सम्मान विकसित करना बेहद आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. गीता खन्ना को किया सम्मानित
सामाजिक योगदान और जनहित के कार्यों के लिए मिला सम्मान, संविधान दिवस पर विद्यार्थियों को भी किया प्रेरित
4
