अनुराग गुप्ता
ऋषिकेश। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए ऋषिकेश में दो स्थानों पर कार्रवाई कर निर्माण कार्यों को सील कर दिया। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने आमबाग और निर्मल ब्लॉक क्षेत्र में बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण पर शिकंजा कसा।
प्राधिकरण के अनुसार, ऋषिकेश के गली नंबर-2, आमबाग में अंकुर द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत एवं जांच के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण स्थल को सील कर दिया। वहीं, गली नंबर-10, निर्मल ब्लॉक-बी में भवन स्वामी सुबेद द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के कराए जा रहे निर्माण पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। भवन निर्माण से पहले मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना अनुमति अथवा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में सीलिंग से लेकर ध्वस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की प्रवर्तन टीमें लगातार क्षेत्र में निरीक्षण कर रही हैं। अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि भवन निर्माण शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृत अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
