देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, तकनीकी ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का उपयोग प्रदेश के विकास में किया जा सकता है। प्रवासी उत्तराखण्डियों के सहयोग से उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने देश के विभिन्न हिस्सों से सम्मेलन में पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन लंबे समय बाद एक परिवार के सदस्यों के मिलन जैसा है। उन्होंने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और पैतृक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह मातृभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का सराहनीय उदाहरण है।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार, स्वरोजगार, पर्यटन, कृषि, बागवानी और औद्योगिक विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। सख्त नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल, कीवी और तिमुर मिशन संचालित किए जा रहे हैं। वहीं, स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम चल रहा है। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और विभिन्न क्षेत्रों में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय दूरस्थ गांवों तक पहुंचना कठिन था, लेकिन आज सड़क सुविधाओं का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सरकारी प्रयासों से 44 प्रतिशत लोगों ने रिवर्स पलायन किया है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनके तकनीकी ज्ञान, उद्यमशीलता और निवेश से विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को गति मिलेगी। उन्होंने प्रवासियों से प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद की वेबसाइट पर पंजीकरण कराने और राज्य के विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
