देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड के दो शहरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है। काशीपुर को प्रदेश स्तर पर प्रथम पुरस्कार, जबकि रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों शहरों के महापौर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई देते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर स्वच्छ सर्वेक्षण में मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी और स्वच्छ भारत मिशन-2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत दोनों नगरों को उनकी बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और शहरी निकायों में किए गए सुधारों के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिला सम्मान जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आम नागरिकों की सामूहिक प्रतिबद्धता और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। प्रदेश सरकार भी स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर शहरों के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं और व्यवस्थाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। शहरों में कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य नगर निकायों से भी काशीपुर और रुद्रपुर की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी निकाय आपसी समन्वय, नवाचार और बेहतर कार्यप्रणाली अपनाकर स्वच्छता के मानकों में लगातार सुधार करें, ताकि उत्तराखंड के शहर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में देश के सामने आदर्श उदाहरण बन सकें।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा भी उपस्थित रहे।
स्वच्छता के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में काशीपुर और रुद्रपुर का परचम, सीएम धामी ने दी बधाई
काशीपुर को उत्तराखंड में पहला और रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों में मिला प्रथम पुरस्कार, मुख्यमंत्री बोले- दोनों शहरों की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव
4
