देहरादून। सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को कालीदास मार्ग स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय परिसर में 142.89 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किए गए राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह का लोकार्पण किया। विश्राम गृह के नवीनीकरण से यहां ठहरने वाले सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को बेहतर एवं सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण समारोह में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह सैनिकों के बीच मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि एक भाई और बेटे के रूप में आते हैं। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसमें उनकी सैन्य पृष्ठभूमि का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उत्तराखंड वीरभूमि है और देश के लगभग 17.5 प्रतिशत सैनिक इस प्रदेश से आते हैं, जो प्रत्येक उत्तराखंडवासी के लिए गर्व की बात है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सैनिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए वन रैंक वन पेंशन योजना, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का निर्माण, रक्षा बजट में वृद्धि और सीमावर्ती क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। केंद्र सरकार ने सैनिकों के सम्मान और सुविधाओं को प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में कई गुना वृद्धि की है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। परमवीर चक्र से लेकर मेंशन इन डिस्पैच तक वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को मिलने वाली एकमुश्त और वार्षिक सम्मान राशि में भी वृद्धि की गई है।
गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण एवं सम्मान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सैनिकों और उनके परिवारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सैनिक विश्राम गृह का जीर्णोद्धार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री शमशेर सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर आरएस थापा, निदेशक सैनिक कल्याण ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेवानिवृत्त), विंग कमांडर निधि बधानी (सेवानिवृत्त), कर्नल वीपी भट्ट (सेवानिवृत्त), प्रदीप रावत, पार्षद मोहन बहुगुणा, नामित पार्षद कैप्टन सुखबहादुर गुरुंग (सेवानिवृत्त), मेजर जनरल एमएल असवाल (सेवानिवृत्त) सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
142.89 लाख की लागत से संवरा देहरादून का सैनिक विश्राम गृह, मंत्री गणेश जोशी ने किया लोकार्पण
सैनिकों और पूर्व सैनिकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, राज्य सरकार सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध : गणेश जोशी
7
