नैनीताल। नैनीताल स्थित वन विभाग के डीएफओ कार्यालय में गुरुवार तड़के आग लगने से वहां रखी कई महत्वपूर्ण फाइलें और दस्तावेज जलकर राख हो गए। कार्यालय नैनीताल चिड़ियाघर के ऊपर स्थित है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात तेज हवाओं और बारिश के कारण कार्यालय बंद करते समय बिजली आपूर्ति नहीं थी। तड़के बिजली आने के बाद संभवतः शॉर्ट सर्किट हुआ और कार्यालय में रखे कागज अथवा लकड़ी के सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने वहां रखे दस्तावेजों और फाइलों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की चपेट में मुख्य रूप से अकाउंट, लैंड ट्रांसफर और स्टैब्लिशमेंट से संबंधित फाइलें आने की जानकारी सामने आई है। राहत की बात यह रही कि आग ने डीएफओ आकाश गंगवार के कार्यालय को अपनी चपेट में नहीं लिया। डीएफओ का कमरा बाल-बाल बच गया और कार्यालय को भी अपेक्षाकृत कम नुकसान हुआ है।
घटनास्थल के समीप ही उप निदेशक प्राणी उद्यान/उप प्रभागीय वनाधिकारी का कार्यालय भी स्थित है। ऐसे में आग के आसपास के कार्यालयों तक फैलने की आशंका भी बनी रही।
डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि जले हुए दस्तावेजों में मुख्य रूप से अकाउंट, लैंड ट्रांसफर और स्टैब्लिशमेंट से जुड़ी फाइलें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान की वास्तविक स्थिति फाइलों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि राहत की बात यह है कि संबंधित दस्तावेज नैनीताल और देहरादून स्थित वन विभाग के कार्यालयों में ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
डीएफओ कार्यालय में लगी आग, महत्वपूर्ण फाइलें जलकर राख
तड़के बिजली आते ही शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जू के ऊपर स्थित कार्यालय में मचा हड़कंप; डीएफओ आकाश गंगवार का कमरा बाल-बाल बचा
213
