विकासनगर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने एक व्यक्ति को अवैध खुखरी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, 6/7 अक्टूबर की देर रात कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम जोन गेट बगीचे के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से अवैध खुखरी बरामद हुई। पूछताछ में वह खुखरी रखने के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुल्फिकार उर्फ छोटा (37) पुत्र जाहिद हसन, निवासी वार्ड नंबर-5, ढकरानी, विकासनगर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली विकासनगर में शस्त्र अधिनियम की धारा 25/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार जुल्फिकार का आपराधिक इतिहास पुराना है। उसके खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 से लेकर 2026 तक के मामले शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2017, 2018, 2020 और 2022 में आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए, जबकि चोरी के मामलों में भी वह नामजद रहा है। वर्ष 2026 में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने नशे का आदी होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक वह नशे की जरूरत पूरी करने के लिए आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की चेकिंग में पकड़ा गया।
अवैध खुखरी के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, वारदात की फिराक में घूम रहा था
8
