चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर व जनता दरबार में सुनीं जनसमस्याएं
पौड़ी/देहरादून, 28 सितंबर। सूबे के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को विकासखंड पाबो के जितोली, सांकरसैंण, चिपलघाट सहित विभिन्न दूरस्थ गांवों का पैदल जनसंपर्क कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ ही बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
जितोली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में डॉ. रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार निर्माण की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और संस्कारवान बच्चों के निर्माण में परिवार के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
इसके बाद डॉ. रावत ने सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में आयोजित चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा और उनके विचारों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा एवं विचारों को सामने रखने के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के सपनों को अवसर और प्रतिभा को सही दिशा देना ही सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है।
चिपलघाट में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
चिपलघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में डॉ. रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव सुने। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। मंत्री ने योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उन्हें मिल रहे लाभ की जानकारी ली और अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
खुण्डेश्वर स्टेडियम का किया निरीक्षण
डॉ. रावत ने विकासखंड पाबो में निर्माणाधीन खुण्डेश्वर स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने का अवसर मिलेगा।
बच्चों के सर्वांगीण विकास में आंगनबाड़ी केंद्रों की अहम भूमिका : धन सिंह रावत
जितोली में ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में पहुंचे शिक्षा मंत्री, महिलाओं व ग्रामीणों से किया संवाद
3
