देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से प्रभावित क्षेत्र में ट्रैकिंग और पर्वतारोहण के लिए गए ट्रैकर्स एवं पोर्टरों के राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। दिल्ली में रहते हुए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली और सभी प्रभावित लोगों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में गए प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने प्रभावित पर्यटकों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही भोजन, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है। ऐसे में उसकी सुरक्षा और सहायता करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक संसाधनों का उपयोग करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हाल के दिनों में हुई बारिश से हुए नुकसान का भी जायजा लेने और प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बरसात के कारण बंद हुई सड़कों को शीघ्र खोलने तथा क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत युद्धस्तर पर कराने को कहा, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और राहत कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए।
मुख्यमंत्री ने लिया राहत एवं बचाव अभियान का जायजा
बर्फबारी प्रभावित क्षेत्र में फंसे ट्रैकर्स-पोर्टरों की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश
9
