अनुराग गुप्ता
देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने गुरुवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन और इलेक्शन प्लानर के अनुसार चरणबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर भवन की स्थिति का जायजा लिया जाए। साथ ही मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण समय पर पूरा कराने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जिलों को मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप प्लान तैयार करने को कहा। इसके अलावा बूथ और विधानसभा स्तर पर आवश्यक कार्मिकों का विवरण तैयार करने तथा चुनाव ड्यूटी के लिए जरूरी वाहनों और कर्मचारियों की सूची समय से तैयार करने के निर्देश दिए।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि आगामी माह में निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित हो सकता है। इस दौरान प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि समीक्षा से पहले संबंधित तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलों में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को भी निर्धारित समय के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास समेत सभी जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
