देहरादून, 24 सितंबर। राजधानी देहरादून में 26 और 27 सितंबर को साहित्य और कला का भव्य संगम देखने को मिलेगा। आरोग्य वेलबीइंग ट्रस्ट की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘द लिटरेरी टेबल’ लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल में देश की कई प्रतिष्ठित साहित्यिक, बौद्धिक और कला जगत की हस्तियां शिरकत करेंगी। फेस्टिवल का आयोजन फेयरफील्ड बाय मैरियट, देहरादून में किया जाएगा।
उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में फेस्टिवल की निदेशक डॉ. आलोका दास गुप्ता नियोगी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य लेखकों और साहित्य प्रेमियों के बीच संवाद को बढ़ावा देना तथा लेखकों के उत्साह और आत्मविश्वास को मजबूत मंच प्रदान करना है। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में साहित्य, कला, इतिहास, संस्कृति और समकालीन विषयों से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल का शुभारंभ 26 सितंबर को दोपहर एक बजे उद्घाटन समारोह के साथ होगा। पहले दिन कुल आठ सत्र आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध लेखक, कॉलमिस्ट, शोधकर्ता, कथाकार और विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां अपने विचार साझा करेंगी।
फेस्टिवल में बच्ची करकारिया, देवदत्त पटनायक, चंद्रचूड़ घोष, अनुज धर, पूर्व डीजीपी अशोक कुमार, डॉ. शालिनी मलिक, अजिताभ एम. बोस, रॉबिन रॉय, तरुण महर्षि, समृद्धि गुलाटी, अनीता शर्मा, शुभोब्रत मजूमदार, मोना वर्मा और डॉ. आलोका दास गुप्ता नियोगी समेत कई प्रमुख लेखक एवं विशेषज्ञ शामिल होंगे।
आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में बच्ची करकारिया और देवदत्त पटनायक द्वारा संपादित पुस्तक पर विशेष चर्चा, ‘द लिटरेरी टेबल’ के स्मारिका के तीसरे संस्करण का विमोचन तथा रॉबिन रॉय की डॉक्यूमेंट्री ‘एम्बर्स ऑफ होप’ की स्क्रीनिंग शामिल है। इस डॉक्यूमेंट्री का नैरेशन अभिनेत्री जीनत अमान ने किया है।
फेस्टिवल के विभिन्न सत्रों का संचालन पूजा खन्ना, डॉ. रूबी गुप्ता, मेजर जनरल आनंद रावत, मोना वर्मा, डॉ. आलोका दास गुप्ता नियोगी, जसलीन कौर, जूही खन्ना, क्रीती अहलावत, जयश्री बनर्जी और गुंजन कवात्रा बलूजा समेत अन्य विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में एमसी के रूप में मनु आहूजा भी मौजूद रहेंगे।
उद्घाटन समारोह में कई विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
26 सितंबर को होने वाले उद्घाटन समारोह में जाने-माने लेखक एवं आरबीआई झारखंड के रीजनल डायरेक्टर प्रेम रंजन अनिमेष मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं हिमालय वेलनेस के डॉ. फारूक, दृष्टि आई हॉस्पिटल के डॉ. गौरव लूथरा, डीपीएस भागलपुर के चेयरमैन राजेश श्रीवास्तव, ओएनजीसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नेबुला बागची, ओएनजीसी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आर.एस. नारायणी समेत कई अन्य अतिथि समारोह में मौजूद रहेंगे।
आयोजकों के मुताबिक, ‘द लिटरेरी टेबल’ के माध्यम से देहरादून में साहित्य और कला के क्षेत्र में देशभर के रचनाकारों, पाठकों और कला प्रेमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
देहरादून में सजेगी साहित्य और कला की महफिल, देशभर की नामी हस्तियां होंगी शामिल
26-27 सितंबर को आयोजित होगा ‘द लिटरेरी टेबल’ लिटरेचर एंड आर्ट्स फेस्टिवल
0
