देहरादून। एनजे पोर्टिको होटल में हर वर्ष की भांति इस बार भी महिलाओं द्वारा भव्य तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुमन डोभाल काला, मीनाक्षी दीक्षित, सरोज पोखरियाल और लिली भट्ट के संयुक्त प्रयास से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
तीज महोत्सव के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कुर्सी दौड़, तंबोला, प्रश्नोत्तरी, रैंप वॉक सहित कई गेम्स में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही, जिसमें संध्या थापा ने तीज क्वीन का खिताब अपने नाम किया, जबकि अल्का जगदीश रनर-अप रहीं। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कार अपने नाम किए।
आयोजक सुमन डोभाल काला ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को घर की जिम्मेदारियों से कुछ समय निकालकर अपनी प्रतिभा और हुनर प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गृहिणियों की भागीदारी को लेकर उत्साह देखने को मिला। कई महिलाएं घरेलू जिम्मेदारियों के चलते अपने हुनर को मंच नहीं दे पातीं, लेकिन इस आयोजन में उनके चेहरे की खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
उन्होंने कहा कि आयोजन समिति का प्रयास रहता है कि समाज के हर वर्ग की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हों और अपनी प्रतिभा को सामने लाएं। इस बार भी महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने इस प्रयास को सफल साबित किया।
हंसी-खुशी, संगीत, नृत्य और मनोरंजन से सराबोर तीज महोत्सव का समापन विजेता महिलाओं को शुभकामनाएं एवं सम्मान प्रदान करने के साथ हुआ। कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को जारी रखने की इच्छा जताई।
तीज महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरा हुनर, संध्या थापा बनीं तीज क्वीन
8
