देहरादून, 13 अगस्त। लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के बड़े ठेकों को छोटे-छोटे पैकेजों में विभाजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के स्थानीय ठेकेदारों को अधिक काम मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
महाराज ने मुख्यमंत्री से कहा कि बड़े कार्यों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में भागीदारी बढ़ेगी। इससे छोटे और मध्यम स्थानीय ठेकेदारों को भी प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा तथा निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन में तेजी आने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय ठेकेदारों और युवाओं को अधिक अवसर मिलने से क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। विकास कार्यों में स्थानीय संसाधनों और मानवशक्ति की भागीदारी बढ़ने से रोजगार सृजन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
महाराज ने मुख्यमंत्री से प्रदेशहित और स्थानीय युवाओं के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण एवं सिंचाई विभाग के बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने की प्रभावी व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंत्री सतपाल महाराज के सुझाव को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में नियमानुसार आवश्यक परीक्षण कराने और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय ठेकेदारों को मिलेगा सीधा लाभ
यदि बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में विभाजित करने की व्यवस्था लागू होती है तो प्रदेश के छोटे एवं मध्यम श्रेणी के स्थानीय ठेकेदारों के लिए सरकारी निर्माण कार्यों में भागीदारी के अवसर बढ़ सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास दोनों को गति मिलने की उम्मीद है।
बड़े ठेकों को छोटे पैकेजों में बांटकर स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार : महाराज
9
