Hamarichoupal
देहरादून। अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने संगठन के विस्तार और सांगठनिक मजबूती की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. वी.डी. शर्मा को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा ने उनके मनोनयन का आधिकारिक पत्र जारी कर उत्तराखंड की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी।
डॉ. शर्मा इससे पूर्व परिषद में प्रदेश महामंत्री के दायित्व का निर्वहन कर चुके हैं। लंबे समय से संगठन और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रहने तथा जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ को देखते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है।
देहरादून के बंजारावाला (कारगी) निवासी डॉ. वी.डी. शर्मा, पं. रामेश्वरदत्त शर्मा के सुपुत्र हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पहचान रखने वाले डॉ. शर्मा विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़ी संस्थाओं में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। वह लंबे समय से ब्राह्मण समाज के अधिकारों, संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा एवं केंद्रीय समिति ने विश्वास जताया कि डॉ. शर्मा के सामाजिक एवं संगठनात्मक अनुभव से उत्तराखंड में परिषद को नई मजबूती मिलेगी। संगठन का उद्देश्य प्रदेशभर में ब्राह्मण समाज को संगठित करने के साथ आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
डॉ. शर्मा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। पत्रकारिता एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
