हमारी चपाल
देहरादून, 27 जुलाई।
डीजी सूचना एवं मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता का वास्तविक आधार केवल परीक्षा में प्राप्त अंक या डिग्री नहीं, बल्कि मजबूत चरित्र, संस्कार और नैतिक मूल्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में ज्ञान के साथ ईमानदारी, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाने का आह्वान किया।
वह एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में नगर निगम टाउन हॉल ऑडिटोरियम में आयोजित ‘टाइम्स अचीवर्स 2026’ समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
बंशीधर तिवारी ने कहा कि सफलता निरंतर मेहनत, सीखने की प्रवृत्ति और मजबूत जीवन मूल्यों का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक उत्कृष्टता महत्वपूर्ण है, लेकिन सफल करियर, पारिवारिक मूल्यों का सम्मान और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान ही जीवन को वास्तविक अर्थों में सफल बनाते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से अंकों की दौड़ से आगे बढ़कर उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने, नैतिक नेतृत्व विकसित करने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए ऐसे युवाओं की आवश्यकता है, जो पेशेवर उत्कृष्टता के साथ जिम्मेदार नागरिक होने का भी परिचय दें।
समारोह में बंशीधर तिवारी ने एसबीएस यूनिवर्सिटी और द टाइम्स ऑफ इंडिया की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षाविद, संस्थान प्रमुख, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंक नहीं, चरित्र और संस्कार से मिलती है असली सफलता : बंशीधर तिवारी
टाइम्स अचीवर्स 2026' समारोह में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं को नैतिक नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश
7
