रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पंजाबी समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक है। सिख गुरुओं का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने, जरूरतमंदों की सेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
गुरुवार को रुद्रपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित पंजाबी गौरव सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री के पहुंचते ही “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों से माहौल गूंज उठा। सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबी और सिख समाज ने देश की रक्षा से लेकर कृषि, उद्योग, व्यापार और आपदा के समय सेवा कार्यों तक हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। तराई क्षेत्र को बसाने और उसकी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी पंजाबी समाज की भूमिका अनुकरणीय रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समाज की आस्था और गौरवशाली परंपराओं को राष्ट्रीय सम्मान देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर, लंगर को करों से मुक्त करना, श्री हरमंदिर साहिब को विदेशी अंशदान की स्वीकृति तथा वीर बाल दिवस जैसे निर्णय इसी भावना को दर्शाते हैं।
हेमकुंड साहिब रोपवे पर काम आगे बढ़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और सिख समाज का भावनात्मक एवं आध्यात्मिक संबंध बेहद गहरा है। गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के पावन चरण देवभूमि में पड़े हैं। हेमकुंड साहिब और रीठा साहिब राज्य की आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक लगभग 12.5 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ चुका है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं के लिए यात्रा सुगम होगी तथा तीर्थयात्रियों की संख्या में भी वृद्धि की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ विरासत और संस्कृति के सम्मान को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने युवाओं से गुरुओं के जीवन से प्रेरणा लेकर अनुशासन, मेहनत, साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने तराई क्षेत्र के विकास में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के योगदान को याद करते हुए उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्र निर्माण में हर वर्ग की भागीदारी जरूरी : नितिन नवीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आगे भी देश के विकास में योगदान देता रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है।
सम्मेलन में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक शिव अरोड़ा, त्रिलोक चीमा, अरविंद पांडे, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री बलदेव सिंह औलख, मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पंजाबी समाज की सेवा, साहस और राष्ट्रभक्ति भारत की शक्ति का प्रतीक : धामी
पंजाबी गौरव सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने सिख समाज के राष्ट्र निर्माण और तराई के विकास में योगदान को सराहा
3
