देहरादून। सेलाकुई थाना क्षेत्र में हुई वाहन चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी सेलाकुई स्थित एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता था और अपने महंगे शौक व खर्चे पूरे करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को गौतम पुत्र पवन कुमार, निवासी बदरपुर, पांवटा साहिब, सिरमौर, हिमाचल प्रदेश ने थाना सेलाकुई में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र में कृष कंपनी के पास खड़ी उनकी एक्टिवा स्कूटी संख्या HP 17E 2855 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 137/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने ठोस सुरागरसी और पतारसी की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 10 सितंबर को मिलन चौक से नदी की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी सुनील सिंह कुंवर को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली गई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सेलाकुई क्षेत्र के एक औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करता है। अपने खर्चों और महंगे शौक पूरे करने के लिए उसने स्कूटी चोरी की थी। आरोपी चोरी किए गए वाहन को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सेलाकुई में वाहन चोरी का खुलासा, औद्योगिक संस्थान में मजदूरी करने वाला युवक गिरफ्तार
महंगे शौक पूरे करने के लिए चुराई थी स्कूटी, बेचने की फिराक में था आरोपी
2
