हमारी चौपाल
देहरादून, 27 जुलाई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने डेंगू रोकथाम, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निस्तारण, गड्ढामुक्त सड़कें, बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा तथा डिजिटल प्रशासन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
डीएम ने सभी सरकारी कार्यालय परिसरों को डेंगू मुक्त रखने के लिए नियमित सफाई, जलभराव रोकने और पानी की टंकियों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निष्प्रयोज्य सरकारी वाहनों की नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और तय समय सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। वहीं सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) मलबा सड़क किनारे न रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर डीएम ने संभावित दुर्घटनास्थलों की पहचान करने तथा अभिभावकों और विद्यालयों के लिए सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश तैयार कर व्यापक स्तर पर प्रसारित करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सुरक्षा से जुड़े कई नवाचारों पर भी चर्चा हुई। पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रति जागरूकता के लिए नवविवाहित दंपतियों की ऑनलाइन संकल्प व्यवस्था, गर्भवती महिलाओं के लिए मोबाइल एप तथा अस्पतालों में डिजिटल टोकन प्रणाली विकसित करने के सुझावों पर विचार किया गया।
शिक्षा क्षेत्र में विद्यालयों में मंदारिन भाषा शिक्षण की संभावनाओं और छात्रों के लिए पॉक्सो अधिनियम, नशा मुक्ति तथा सामाजिक जागरूकता आधारित पाठ्यक्रम तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा निराश्रित पशुओं की पहचान के लिए आरएफआईडी चिप प्रणाली, महिलाओं के लिए शी-टॉयलेट की स्थापना तथा शहर के डार्क स्पॉट्स चिन्हित कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
