हमारी चौपाल
देहरादून, 23 जुलाई। देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने लंबित भुगतानों और जल जीवन मिशन की योजनाओं में आ रही समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा कि दो वर्षों से ठेकेदार भुगतान के लिए विभागों के चक्कर लगा रहे हैं, जबकि कई योजनाओं में ग्रामीणों को पानी की आपूर्ति और बिल वसूली भी जारी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान न होने से ठेकेदार और उनसे जुड़े मजदूर, सप्लायर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि अब ठेकेदार योजनाओं के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी नहीं लेंगे और भविष्य में किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी सरकार व संबंधित अधिकारियों की होगी। बैठक में सचिन मित्तल, सौरभ गोयल, सुनील गुप्ता, अंकित सालार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
