Hamarichoupal,22,07,2026
देहरादून, 22 जुलाई।
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए बुधवार को डोईवाला के खेरी रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बलविंदर सिंह द्वारा बिना स्वीकृति करीब पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाई गई सड़कों सहित अन्य निर्माण भी हटाए गए।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना वैधानिक स्वीकृति के किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से भूखंड खरीदने से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति की जांच करने की अपील की और कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि एमडीडीए नियमित निरीक्षण कर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की सूचना प्राधिकरण को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
