हमारी चौपाई
देहरादून/ऋषिकेश। ऋषिकेश के पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में रविवार को मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। मामूली कहासुनी के बाद एक 32 वर्षीय युवक ने अपनी 63 वर्षीय मां के माथे पर 12 बोर के तमंचे से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का उपचार एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, घटना गली नंबर-3, ए ब्लॉक, मंदिर के पास पशुलोक विस्थापित क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही कोतवाली ऋषिकेश पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि सुमित गौड़ ने विवाद के दौरान अपनी मां उषा देवी गौड़ पर फायर कर दिया, जिससे उनके माथे पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद आरोपी सुमित गौड़ स्वयं घायल मां को लेकर एम्स ऋषिकेश पहुंचा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता के बड़े बेटे अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट (थाना डोईवाला), की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और तमंचा आरोपी के पास कैसे पहुंचा, इसकी भी जांच कर रही है।
