हमारी चौपाल
अनुराग गुप्ता
देहरादून, 4 जुलाई। राजधानी के पॉश और वीआईपी क्षेत्र राजपुर रोड स्थित जाखन में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निर्माणाधीन डुप्लेक्स भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार कपिल कपूर द्वारा थापा निवास वाली गली में बिना मानचित्र स्वीकृति के तीन डुप्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा था।
एमडीडीए ने बताया कि निर्माणकर्ता को कई बार नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। क्षेत्रीय अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर निर्माण बंद कराने का प्रयास भी किया, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा गया। इसके बाद संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देश पर अवर अभियंता सचिन तोमर, अवर अभियंता उमेश वर्मा एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजर की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों निर्माणाधीन डुप्लेक्स को सील कर दिया तथा श्रमिकों को बाहर निकालकर निर्माण कार्य पूरी तरह बंद करा दिया।
एमडीडीए ने चेतावनी दी है कि सील से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भवन सील करने से लेकर ध्वस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी, चाहे संबंधित व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि जाखन में की गई कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में देहरादून के अन्य क्षेत्रों में भी बिना मानचित्र स्वीकृति के हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

