देहरादून, 25 जून। दून यूथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित डी.ए.डी. 2.0 (देहरादून अगेंस्ट ड्रग्स मैराथन 2026) का आधिकारिक शुभारंभ गुरुवार को स्मार्ट बाज़ार स्टोर, कपूर टावर, देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता एवं पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम के साथ किया गया। इस अवसर पर मैराथन का आधिकारिक पोस्टर जारी किया गया तथा स्मार्ट बाज़ार को आयोजन का टाइटल स्पॉन्सर घोषित किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि मैराथन के मेडिकल पार्टनर के रूप में सुशीला इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज़, टाइमिंग पार्टनर के रूप में चेकर रेस तथा मैनेजमेंट पार्टनर के रूप में केन्को इंटरनेशनल सहयोग करेगा।
दून यूथ फाउंडेशन के चेयरमैन एवं संस्थापक आकिब अहमद ने बताया कि डी.ए.डी. 2.0 – देहरादून अगेंस्ट ड्रग्स मैराथन 2026 का आयोजन 27 सितंबर 2026 को देहरादून में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों, फिटनेस प्रेमियों और आम नागरिकों को एक मंच पर लाकर नशा-मुक्त समाज, स्वस्थ जीवनशैली और जन-जागरूकता का संदेश देना है। मैराथन में 3, 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी।
आकिब अहमद ने कहा कि “डी.ए.डी. 2.0 केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने का जन-आंदोलन है। खेल, फिटनेस और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से हम देहरादून और उत्तराखंड के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।”
स्मार्ट बाज़ार की ओर से मुक्ता भटनागर एवं राहुल चंदर ने इस सामाजिक पहल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था स्वस्थ समाज के निर्माण और सामुदायिक अभियानों में सहभागी बनने के लिए सदैव तत्पर है।
कार्यक्रम में कपूर टावर के स्वामी माणिक कपूर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रसिद्ध बिल्डर पंकज रामगोलिया, एडवोकेट आमिर, आसिफ अहमद, अनन्या गुरुंग, सोहानी, प्राचल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान दून यूथ फाउंडेशन के महासचिव अनस बेग, वाइस प्रेसिडेंट आशीष रावत एवं कोषाध्यक्ष आतिफ हुसैन ने संयुक्त रूप से आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि डी.ए.डी. 2.0 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखकर उन्हें सकारात्मक, ऊर्जावान एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने वाला व्यापक सामाजिक अभियान है।
