देहरादून, 25 जून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा चारधाम एवं हेमकुंड यात्रा के दौरान अव्यवस्थाओं तथा यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हो रहे टकराव के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराए जाने वाले बयान को हास्यास्पद, बेतुका और तथ्यहीन बताया है।
गुरुवार को अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए धस्माना ने कहा कि इससे अधिक बेतुकी बात और क्या हो सकती है कि यात्रा व्यवस्थाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं और यात्रियों व स्थानीय नागरिकों के बीच बढ़ते विवादों के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस को दोषी ठहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है कि लगातार दूसरी बार सत्ता में आई भाजपा सरकार की जिम्मेदारी यात्रा मार्गों पर सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, यात्रियों के ठहरने, भोजन, दर्शन तथा स्थानीय नागरिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
धस्माना ने आरोप लगाया कि सरकार इन सभी मोर्चों पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश, कर्णप्रयाग और नगरासू जैसी घटनाओं ने पूरे प्रदेश की छवि को धूमिल किया है। उन्होंने कहा कि हुड़दंग करने वाले यात्रियों और पर्यटकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का साहस सरकार और पुलिस नहीं दिखा पा रही है, जबकि दूसरी ओर यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की भी लगातार अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि अपनी विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय भाजपा नेतृत्व कांग्रेस पर निराधार आरोप लगाकर जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहा है। धस्माना ने तंज कसते हुए कहा कि यह अच्छा हुआ कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपनी सरकार की नाकामियों के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार नहीं ठहराया।
धस्माना ने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर चारधाम एवं हेमकुंड यात्रा की व्यवस्थाओं में सुधार पर ध्यान देना चाहिए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों दोनों की सुरक्षा एवं सुविधाएं सुनिश्चित हो सकें।
