Hamarichoupal,07,06,2026
देहरादून, 7 जून। चारधाम यात्रा-2026 के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को लेकर देहरादून पुलिस पूरी तरह सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश स्वयं ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर यात्रा मार्ग की व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण कर रहे हैं तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा रात्रि 10 बजे से प्रातः 4 बजे तक यात्रा मार्ग पर वाहनों के संचालन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। इस अवधि में यात्रा के लिए आने वाले वाहनों को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल पार्किंग में व्यवस्थित रूप से पार्क कराया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं मित्रवत व्यवहार करते हुए उनकी हरसंभव सहायता कर रहे हैं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
देहरादून पुलिस का कहना है कि “सुरक्षित एवं सुचारु चारधाम यात्रा” की भावना के अनुरूप कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
