Hamarichoupal,05,05,2026
देहरादून, 5 जून। उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करेंगे। यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर नहीं मिलता है तो बीएलओ उससे संपर्क के लिए तीन बार घर पर जाएंगे।
सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने बताया कि राज्य में एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ का प्रशिक्षण तथा गणना फार्मों की शत-प्रतिशत छपाई का कार्य पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर यह पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जाएगा। 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्मों का वितरण एवं संग्रहण करेंगे। इसी अवधि में प्राप्त फार्मों को बीएलओ ऐप के माध्यम से डिजिटाइज कर ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।
डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि राज्य के 79 लाख 60 हजार 762 मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। मतदाता स्वयं भी ईसीआई-नेट ऐप के माध्यम से गणना फार्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट रोल) प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। 14 जुलाई से 11 सितंबर के बीच इनका निस्तारण किया जाएगा तथा 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
एक क्लिक पर बीएलओ से होगी बातचीत
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इसके माध्यम से मतदाता वेबसाइट या ईसीआई-नेट मोबाइल ऐप पर जाकर अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिन के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
2003 की मतदाता सूची भी ऑनलाइन उपलब्ध
डॉ. जोगदण्डे ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए वर्ष 2003 की मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, नाम, पिता या पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक एवं बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा गली, मोहल्ले और क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची खोजने की सुविधा उपलब्ध है।
