Hamarichoupal,29,05,2026
देहरादून, 29 मई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में कोतवाली प्रेमनगर पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 मई 2026 को वादी श्रीकुमार निशांत निवासी मुजफ्फरनगर ने कोतवाली प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रियांशु राणा और उसके साथियों ने उनके भाई के कमरे पर पहुंचकर गाली-गलौज की तथा जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
शिकायत के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में धारा 109(1)/115 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस टीम गठित कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 28 मई 2026 को मुख्य आरोपी प्रियांशु राणा को बीएफआईटी सुद्धोवाला के पीछे से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान प्रियांशु राणा पुत्र विक्रम सिंह राणा निवासी ग्राम दूधली खेड़ा, निकट दुर्गा मंदिर, थाना गढ़ी पुख्ता, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विजय प्रताप राही तथा हेड कांस्टेबल संजय भंडारी शामिल रहे।
