Hamarichoupal,23,05,2026
उत्तरकाशी। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे पर शनिवार को उत्तरकाशी पहुंचे। झाला हैलीपैड पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने उनका स्वागत किया। सीईसी ने भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल स्थित पोलिंग बूथ का स्थलीय निरीक्षण किया और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारियों की समीक्षा की।
BLO मिंटो देवी के काम की सराहना
हर्षिल बूथ पर सीईसी ने बीएलओ मिंटो देवी से विस्तृत संवाद किया और उनके कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “मिंटो देवी का काम पूरे देश के लिए प्रेरणा है। SIR कार्य में समर्पण के साथ जुटे सभी बीएलओ को चुनाव आयोग सैल्यूट करता है।” उन्होंने बताया कि बीएलओ ऐप के जरिए एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लीकेट और विदेशी मतदाताओं को चिह्नित कर मतदाता सूची शुद्ध की जा रही है। साथ ही 18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं को जोड़ा जा रहा है।
साधु-संतों वाले गंगोत्री बूथ पहुंचे CEC
मुख्य निर्वाचन आयुक्त परिवार संग गंगोत्री धाम पहुंचे और पत्नी के साथ मां गंगा के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने साधु-संतों वाले विशेष पोलिंग बूथ गंगोत्री का निरीक्षण कर संन्यासी मतदाताओं से संवाद किया। दुर्गम परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड में भी चुनावी उत्सव में भाग लेने पर संतों का आभार जताया। सीईसी ने कहा, “शत-प्रतिशत मतदाता साधु-संतों वाला यह बूथ हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की विविधता और ताकत की अनूठी मिसाल है।”
देर शाम हर्षिल में सीईसी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आगामी SIR की मैपिंग और ASDD सूची की जानकारी ली। रविवार को वे देहरादून में SIR तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
इस दौरान उप जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, ईआरओ गंगोत्री एसडीएम शालिनी नेगी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
