HamariChoupal, 17,05,2026
विकासनगर के ईस्ट होप टाउन में एक बार फिर प्रतिबंधित खसरा नंबरों पर निर्माण का मामला सामने आया है कि गोल्डन फॉरेस्ट से जुड़े बैन लगे खसरा नंबर पर निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद तहसील प्रशासन की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आखिर क्यों नहीं चल रहा प्रशासन का बुलडोजर?
विकासनगर तहसील प्रशासन इन दिनों ईस्ट होप टाउन क्षेत्र में लगातार अवैध निर्माण और बैन लगे खसरा नंबरों पर कार्रवाई कर रहा है। देहरादून जिलाधिकारी पहले ही साफ कर चुके हैं कि जिन खसरा नंबरों पर रोक लगी हुई है, वहां किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा।
लेकिन अब झाझरा स्थित देसी शराब के ठेके के सामने एक निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक मीकिन उर्फ माइकी नाम के व्यक्ति द्वारा उस खसरा नंबर पर निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जिस पर पहले से प्रशासनिक रोक बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि संबंधित खसरा नंबर गोल्डन फॉरेस्ट मामले में अंकित है और उस पर निर्माण की अनुमति नहीं है। बावजूद इसके निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां अन्य स्थानों पर तहसील प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, वहीं इस निर्माण पर अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। आरोप ये भी लगाए जा रहे हैं कि संबंधित व्यक्ति खुद को तहसील प्रशासन के करीबी लोगों में बताता है।
फिलहाल पूरे मामले में तहसील प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन यह मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
