दिनांकः 24 अगस्त 2026
24, अगस्त, देहरादून/विकासनगर:* सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के झिवरहेड़ी स्थित नीलकंठ कॉलोनी में इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा निर्मित आंतरिक मार्गों का विधायक सहदेव सिंह पुंडीर द्वारा विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
इस दौरान विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि किसी भी क्षेत्र के विकास का आधार मजबूत आधारभूत संरचना होती है। बेहतर सड़क एवं मार्ग व्यवस्था न केवल आवागमन को सुगम बनाती है, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि नीलकंठ कॉलोनी के निवासियों द्वारा लंबे समय से आंतरिक मार्गों के निर्माण की मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता देते हुए इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्गों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि आंतरिक मार्गों के निर्माण से बुजुर्गों, महिलाओं एवं स्कूली बच्चों समेत समस्त क्षेत्रवासियों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। बरसात के मौसम में जहां पहले लोगों को कीचड़ और जलभराव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, वहीं अब सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के मार्गदर्शन में सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और बस्ती तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल बड़े विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम जनमानस की दैनिक आवश्यकताओं से जुड़े छोटे-छोटे कार्यों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र, संतुलित एवं सतत विकास सुनिश्चित करना उनका संकल्प है। विकास कार्यों के माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित क्षेत्रवासियों ने आंतरिक मार्गों के निर्माण पर विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य लंबे समय से क्षेत्र की आवश्यकता था, जिसके पूर्ण होने से स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में उप प्रधान श्री नरेन्द्र सिंह नेगी, अध्यक्ष नीलकंठ कालोनी श्री अवतार सिंह नेगी, श्री संजय भट्ट, उर्मिला रावत, पंकज नौटियाल, संजय सहित ज्येष्ठ-श्रेष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
