हमारी चौपाल
अनुराग गुप्ता
देहरादून जनपद के धर्मावाला स्थित आसन नदी में कथित अवैध खनन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन की नींद खुल गई। वायरल वीडियो में रात के अंधेरे में नदी से खनन किए जाने के आरोप लगाए गए, जिसके बाद खनन विभाग और प्रशासन हरकत में आया।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान आसन नदी के निकट एक निर्माणाधीन रिजॉर्ट क्षेत्र में अवैध खनन सामग्री का भंडारण पाया गया। मौके पर पहुंची खनन विभाग की टीम ने निरीक्षण कर कार्रवाई की और अपनी रिपोर्ट जिला खनन अधिकारी को भेज दी है।
हालांकि सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल नहीं होता, तो क्या यह कार्रवाई भी होती? आखिर अवैध खनन और खनन सामग्री का भंडारण कब से चल रहा था और जिम्मेदार विभागों को इसकी भनक क्यों नहीं लगी? अब देखना होगा कि प्रशासन केवल भंडारण तक कार्रवाई सीमित रखता है या वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे कथित अवैध खनन की भी गहराई से जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करता है।
