Hamarichoupal,08,06,2026
Anurag Gupta
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो 15-15 हजार रुपये के इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए हरिद्वार बाईपास की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और खांड गांव के समीप घेराबंदी की।
घेराबंदी के दौरान बदमाश जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। मौके से पुलिस ने एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आमिर (22) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार तथा अनवारूल हक उर्फ अनवर (24) निवासी सीतामढ़ी, बिहार के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे थे और उन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस जांच में सामने आया कि चार जून को भुट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर उनका स्थानीय लोगों से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उन्होंने अपने साथी वसीम के साथ मिलकर दो स्थानीय युवकों पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दोनों घायल हो गए थे। घटना के बाद वसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आमिर और अनवर फरार चल रहे थे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बिहार में लूट के दौरान एक व्यक्ति की हत्या करने की बात भी कबूल की है। उनके खिलाफ बिहार के नानपुर थाना क्षेत्र में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। बिहार पुलिस से बचने के लिए दोनों ऋषिकेश पहुंचे थे और अपने साथी के ससुराल क्षेत्र ढालवाला में छिपे हुए थे।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने तथा अवैध हथियार रखने के आरोप में एक और मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को चारधाम यात्रा के दौरान अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
