अनुराग गुप्ता
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महत्वाकांक्षी अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को गति देने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री आवास में शुक्रवार को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर समेत विभिन्न विकास परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं, उनमें तेजी लाई जाए और जिन परियोजनाओं को शुरू किया जा सकता है, उनकी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर जल्द काम शुरू कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाते समय संबंधित क्षेत्र की पहचान, स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक महत्व का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं में स्थानीय विशेषताओं को शामिल करने से न केवल क्षेत्र की पहचान कायम रहेगी, बल्कि पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बैठक में सामने आया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। इन कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत काम पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूरा किया जाना है।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये की लागत से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच में राफ्टिंग तथा पर्यटक सुविधाओं के विकास की योजनाएं भी आगे बढ़ाई जा रही हैं।
वहीं, शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के तहत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। आपदा जोखिम कम करने के उद्देश्य से 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में पहुंच गया है।
74 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान
बैठक में बताया गया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में क्रियान्वयन के चरण में हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
इसके अलावा श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में करीब 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में साहसिक पर्यटन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहित करने और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
